महेशखूंट के हाइवा चालक की चालाकी फेल: गिट्टी के नीचे छिपी 50 लाख की 723 कार्टून विदेशी शराब बरामद


 गया जिले के बड़ा थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे पर चल रहे एक 12 चक्का हाइवा में गिट्टी (पत्थर) के नीचे भारी मात्रा में अवैध शराब छिपाकर ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही बड़ा थाना अध्यक्ष टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वाहन को रोककर जांच शुरू की।

जांच के दौरान जब शक गहराया, तो पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए गिट्टी को हटाने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि थाना अध्यक्ष खुद मौके पर डटे रहे और हथौड़े से गिट्टी तोड़कर हटवाई गई। इसके बाद जो खुलासा हुआ, उसने सभी को हैरान कर दिया।

गिट्टी के नीचे से कुल 723 कार्टून विदेशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने मौके से हाइवा चालक प्रियांशु कुमार (उम्र करीब 28 वर्ष), निवासी ग्राम सपनाहा, थाना महेशखूंट, जिला खगड़िया और उपचालक नीरज कुमार, निवासी ग्राम टाटा, थाना मानसी, जिला खगड़िया को गिरफ्तार कर लिया है।

इस कार्रवाई के बाद शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ